पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं खन्ना के विधायक तरुणप्रीत सिंह सोंध ने देर रात सिविल अस्पताल, खन्ना पहुंचकर घायल मनरेगा कर्मचारी सौदागर सिंह और डीएसपी विनोद कुमार का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को दोनों का निःशुल्क और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में सोंध ने कहा कि पिछले 20 दिनों से मनरेगा कर्मचारियों के साथ लगातार बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना की जगह नई योजना लाए जाने के बाद यह स्थिति बनी है। राज्य सरकार चाहती है कि लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों को नई व्यवस्था में भी उचित अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार कर्मचारियों की जायज़ मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। सरकार उनकी समस्याओं का समाधान आपसी संवाद और संवैधानिक तरीके से करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मनरेगा कर्मचारी यूनियन के संरक्षक वरिंदर सिंह ने बताया कि मंत्री ने कर्मचारियों की मांगों पर विस्तृत बैठक की और अधिकारियों को उन्हें लिखित रूप में लेकर समाधान की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूनियन सरकार के आश्वासन से संतुष्ट है।

इस दौरान एसएसपी डॉ. दर्पण अहलूवालिया, एसडीएम स्वाति तिवाना, एसएमओ डॉ. मनिंदर सिंह भसीन, प्रशासनिक अधिकारी और मनरेगा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Related Posts