रिलायंस इंडस्ट्रीज की एफएमसीजी कंपनी रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने आइसक्रीम बाजार में कदम रखते हुए नया ब्रांड ‘बॉम्बे क्रीमेरी’ लॉन्च किया है। कंपनी का कहना है कि इस ब्रांड की आइसक्रीम असली डेयरी क्रीम और गुणवत्तापूर्ण सामग्री से तैयार की गई है।

बॉम्बे क्रीमेरी को ऐसे प्रीमियम डेयरी ब्रांड के तौर पर पेश किया गया है, जिसकी कीमत आम परिवारों की पहुंच में रहेगी। इसकी कीमत 10 रुपये से शुरू होगी। कंपनी के मुताबिक उत्पादों की शुरुआती बिक्री पश्चिमी भारत में होगी और इसके बाद इसे धीरे-धीरे देशभर के बाजारों में उपलब्ध कराया जाएगा।

ब्रांड के पोर्टफोलियो में अलग-अलग पसंद के ग्राहकों के लिए कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसे कई विकल्प शामिल किए गए हैं। कंपनी ने कहा है कि उसका लक्ष्य किफायती कीमत पर अच्छी गुणवत्ता वाली आइसक्रीम उपलब्ध कराना है।

RCPL के निदेशक टी. कृष्णकुमार ने कहा कि कंपनी आइसक्रीम कारोबार को लंबे समय के लिए विकसित करने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि ब्रांड का जोर असली डेयरी सामग्री और बेहतर स्वाद पर रहेगा।

रिलायंस की मजबूत वितरण व्यवस्था और बड़े रिटेल नेटवर्क से बॉम्बे क्रीमेरी को देश के अलग-अलग बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Related Posts