पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने गुरुवार को मोहाली स्थित अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ करियर्स एंड कोर्सेज का दौरा कर विद्यार्थियों से विशेष संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए और उन्हें कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री सुखमनी साहिब के पाठ से हुई। इसमें कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर, सांसद मलविंदर सिंह कंग तथा मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने सहभागिता करते हुए सभी के कल्याण की कामना की।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब सरकार ने संस्थान के बुनियादी ढांचे के विकास और सुविधाओं के उन्नयन पर 1.35 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।

मंत्री ने जानकारी दी कि संस्थान में बैंक पीओ, एएओ, पंजाबी एवं अंग्रेजी स्टेनोग्राफी तथा आईएएस और पीसीएस सहित सिविल सेवा परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधा और निर्धारित मानकों के अनुसार वजीफा भी प्रदान किया जाता है।

उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने कौशल को निखारें और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।

दौरे के दौरान डॉ. बलजीत कौर ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में संस्थान के प्रशासनिक कार्यों, सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा संस्थान के समग्र विकास की भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थान में संचालित कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के बारे में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इन पाठ्यक्रमों में दाखिला लेकर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग के प्रधान सचिव वी.के. मीना, निदेशक विम्मी भुल्लर तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Posts