रेसलर विनेश फोगाट और भारतीय कुश्ती संघ के बीच चल रहा विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। दिल्ली हाईकोर्ट के एक फैसले के खिलाफ (WFI) कुश्ती संघ ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। हाईकोर्ट ने 22 मई को दिए अपने आदेश में विनेश फोगाट को एशियाई खेल 2026 के सिलेक्शन ट्रायल्स में शामिल होने की इजाजत दी थी। अब इस मामले पर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है जिसकी अध्यक्षता जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की पीठ करेगी।
दिल्ली हाईकोर्ट ने विनेश फोगाट के पक्ष में फैसला सुनाते हुए साफ किया था कि उन्हें 30 और 31 मई को होने वाले सिलेक्शन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दी जाए। अदालत ने प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने के भी कड़े निर्देश दिए हैं। कोर्ट के आदेश के मुताबिक इन ट्रायल्स की बाकायदा वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी और पूरी प्रक्रिया स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा नियुक्त स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की निगरानी में पूरी होगी।
WFI को लताड़ते हुए अदालत ने बोला फेडरेशन की चयन नीति भेदभाव पूर्ण थी क्योंकि मातृत्व अवकाश के बाद वापसी करने वाली उनकी जैसी दिग्गज खिलाड़ी पर विचार करने का कोई उसमें कोई अधिकारी नही था। यह नीति साफतौर पर भेदभावपूर्ण है।


