पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं के कल्याण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनहितकारी योजनाएं लागू कर रही है।

डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक पंजाब सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना पर 298 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत हर महीने करीब 1.20 करोड़ मुफ्त बस यात्राएं की जा रही हैं, जो इसकी लोकप्रियता और व्यापक सफलता को दर्शाती हैं।

मंत्री ने कहा कि इस योजना से महिलाओं पर यात्रा का आर्थिक बोझ काफी कम हुआ है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करने वाली लाखों महिलाओं को इससे सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सस्ती और सुलभ परिवहन सुविधा मिलने से महिलाएं अधिक आत्मविश्वास के साथ घर से बाहर निकल रही हैं, नए रोजगार के अवसरों का लाभ उठा रही हैं और पंजाब के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि सरकारी बसों में महिलाओं को यह मुफ्त यात्रा सुविधा उपलब्ध है, जिससे उन्हें पूरे राज्य में सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं की आवागमन की स्वतंत्रता, आत्मनिर्भरता और आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान “रंगला पंजाब” के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं, जहां प्रत्येक महिला सुरक्षित माहौल में यात्रा कर सके, सम्मानपूर्वक जीवन जी सके और अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भविष्य में भी महिलाओं को सशक्त बनाने और विकास का लाभ हर घर तक पहुंचाने के लिए ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं जारी रखेगी।

Related Posts