पंजाब को साफ और कूड़ा मुक्त बनाने के लिए भगवंत मान सरकार ने बड़ा अभियान शुरू करने का फैसला किया है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की कि 29 अगस्त से 7 सितंबर तक 10 दिन का विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान राज्यभर में चिन्हित Garbage Vulnerable Points (GVPs) को खत्म करने पर खास ध्यान रहेगा।
मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान विधायक से लेकर नगर निगम और नगर परिषद के अधिकारी तक सुबह मैदान में उतरेंगे। सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष टीमें भी बनाई जाएंगी। बड़े शहरों में समस्या ज्यादा है। अमृतसर में करीब 600, जबकि पटियाला में लगभग 450 कूड़ा संवेदनशील स्थान चिन्हित किए गए हैं।
इस अभियान में आम लोग भी सीधे जुड़ सकेंगे। पंजाब सरकार के M-Seva ऐप पर कूड़े वाले स्थान की फोटो अपलोड कर शिकायत दर्ज की जा सकती है। शिकायत के लिए एक यूनिक आईडी मिलेगी, जिससे लोग उसकी स्थिति भी ट्रैक कर सकेंगे।
बैंस ने लोगों से अपील की कि सफाई कर्मचारियों की मेहनत बेकार न जाने दें और खुले में कूड़ा फेंकने से बचें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पंजाब बनाने की जिम्मेदारी सरकार के साथ हर नागरिक की भी है।


