श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्य स्तरीय सेमिनार का आयोजन सीजीसी यूनिवर्सिटी, झंजेरी में किया गया। यह आठवां राज्य स्तरीय सेमिनार था, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और उनके विचारों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने कहा कि गुरु रविदास जी ने करीब छह शताब्दी पहले ही समाज में फैली छुआछूत, जातिगत भेदभाव और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को बराबरी, भाईचारे और मानवता का संदेश देती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से गुरु रविदास जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। सोंद ने कहा कि युवाओं को अपनी जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए, लालच के पीछे नहीं भागना चाहिए। सादगी, मेहनत और अच्छे विचार इंसान को बेहतर व्यक्ति बनाते हैं।
सेमिनार में वक्ताओं ने गुरु रविदास जी के जीवन, उनकी सामाजिक सोच और मानव कल्याण के संदेश पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उनकी शिक्षाओं से जोड़ना और समानता का संदेश आगे बढ़ाना रहा।

