पंजाब के युवाओं के लिए रोजगार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस विभाग में भर्ती हुए 1,746 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार देना है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले साढ़े चार साल में पंजाब पुलिस में 13,092 नए कर्मचारियों की भर्ती की जा चुकी है। वहीं, 3,298 कांस्टेबल पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी चल रही है। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 70,840 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

मान ने कहा कि सरकार की भर्ती प्रक्रिया में ‘न पैसा, न सिफारिश’ के सिद्धांत को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के 1,600 नए पदों को भी मंजूरी दी गई है, जिन्हें विभागीय प्रमोशन के जरिए भरा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब पुलिस सीमावर्ती राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में फिर से अशांति या आतंकवाद का माहौल बनाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

मान ने यह भी बताया कि पंजाब देश का एकमात्र राज्य है जहां समर्पित ‘सड़क सुरक्षा बल’ काम कर रहा है। इसके चलते सड़क हादसों में होने वाली मौतों में करीब 50 फीसदी की कमी आई है।

Related Posts