पंचकूला 15 जून : पंचकूला के मेयर शाम लाल बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के फलस्वरूप न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व ने योग को अपनाया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा योग को घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। पंचकूला के टाउन पार्क का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग योगाभ्यास करते हैं और इसने ‘योग पार्क’ के रूप में अपनी विशेष पहचान बनाई है।
शाम लाल बंसल आज सेक्टर-5 स्थित टाउन पार्क में आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग मैराथन के प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा युवाओं और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। मैराथन में प्रतिभागियों ने योग को घर-घर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ दौड़ लगाई। टाउन पार्क से शुरू हुई यह मैराथन सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में संपन्न हुई।
मेयर बंसल ने कहा कि योग का हमारे जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। योग करने से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि उसमें नई ऊर्जा का संचार भी होता है। हजारों वर्ष पूर्व हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा दी गई योग विद्या का आज पूरा विश्व अनुसरण कर रहा है। उन्होंने बल देते हुए कहा कि जब नागरिक स्वस्थ होंगे, तभी समाज आगे बढ़ेगा और समाज की प्रगति से ही देश तरक्की करेगा।
इस मौके पर हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना थी। 12 वर्ष पूर्व उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनओ) में इस संबंध में प्रस्ताव रखा था, जिसका लगभग 190 देशों ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि योग से होने वाले लाभों को देखते हुए विश्वभर के लोगों ने योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाया है।


