चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है, अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर श्री यमुनोत्री धाम और श्री गंगोत्री धाम के कपाट खुल गए जिसको लेकर भक्तों में चारधाम के दर्शन के लिए भारी मात्रा में भीड़ उमड़ने लगी । मान्यता है इन चारों धामों की यात्रा करने से व्यक्ति के सभी पाप धुल जाते है। उत्तराखंड की पावन धरती में यह चारों धाम बसें है इसिलिए उत्तराखंड की पावन धरती को देवभूमि कहा जाता है, उत्तराखंड की सबसे प्रसिद्ध और श्रद्धेय यात्रा चार धाम यात्रा है, जिसमें यमुनोत्री मंदिर, गंगोत्री मंदिर, केदारनाथ मंदिर और बद्रीनाथ मंदिर शामिल हैं। यह यात्रा हर साल देश विदेश से लाखों श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती है।

हरिद्वार या ऋषिकेश से शुरू होती है चार धाम यात्रा
चार धाम यात्रा परंपरागत रूप से हरिद्वार या ऋषिकेश से शुरू होती है और यमुनोत्री, गंगोत्री, और केदारनाथ से होते हुए अंत में बद्रीनाथ तक जाती है।
चार धाम यात्रा की शुरुआत यमुनोत्री से होती है, जहाँ देवी यमुना की पूजा की जाती है। इसके बाद श्रद्धालु गंगोत्री पहुँचते हैं, जो मां गंगा का पवित्र वास माना जाता है। तीसरा पड़ाव केदारनाथ है, जो भगवान शिव को समर्पित है जो 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और हिमालय की गोद में स्थित एक अद्भुत धाम है। अंत में बद्रीनाथ धाम आता है, जहाँ भगवान विष्णु की आराधना की जाती है।
उत्तराखंड की दुर्गम पहाड़ियों के बीच यह यात्रा कठिन पहाड़ी रास्तों और मौसम की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं को पूरे उत्साह और विश्वास के साथ इन धामों के दर्शन के लिए आकर्षित करती है।

