चंडीगढ़, 11 जून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाने वाले कई सिख श्रद्धालुओं को अनुमति न मिलने के मामले पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक बताते हुए केंद्र सरकार से जवाब मांगा है।

रंधावा ने कहा कि धार्मिक यात्राएं सिख समुदाय की आस्था से जुड़ी होती हैं और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं होने के कारण उन्हें यात्रा की अनुमति नहीं मिल सकी, जिससे उन्हें मानसिक और धार्मिक रूप से निराशा का सामना करना पड़ा।

उन्होंने केंद्र सरकार से स्पष्ट करने की मांग की कि संबंधित श्रद्धालुओं की वेरिफिकेशन प्रक्रिया समय पर पूरी क्यों नहीं हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। रंधावा ने कहा कि सरकार को प्रभावित श्रद्धालुओं को पूरी जानकारी देनी चाहिए और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था करनी चाहिए।

सांसद रंधावा ने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं और धार्मिक यात्राओं से जुड़े मामलों में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता सरकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

Related Posts