चंडीगढ़, 2 जुलाई: हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने सोमवार को पंचकूला से राज्य स्तरीय “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान की विधिवत शुरुआत की। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प बनाएं। यह अभियान प्रदेशभर में अगले एक माह तक चलेगा, जिसमें सफाई और जनजागरूकता के अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पंचकूला के सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित उद्घाटन समारोह में श्री गोयल ने सफाई कर्मियों, स्वयंसेवकों और अन्य गणमान्य नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और खुद भी झाड़ू लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा,

“हर व्यक्ति यदि सप्ताह में दो घंटे श्रमदान करे, तो हरियाणा देश के सबसे स्वच्छ राज्यों में गिना जाएगा। स्वच्छता सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, यह हम सभी का साझा कर्तव्य है।”

इंदौर बना उदाहरण, हरियाणा भी पीछे नहीं रहेगा: विपुल गोयल

मंत्री ने देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर का उदाहरण देते हुए कहा कि जो वहां संभव है, वो हरियाणा में भी हो सकता है—बस जरूरत है नियमित प्रयास और जनसहभागिता की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी, जो आज जन-आंदोलन बन चुका है और इसी की प्रेरणा से हरियाणा में भी ठोस पहल की जा रही है।

स्वच्छता में अव्वल आने वाली इकाइयों को मिलेगा सम्मान

श्री गोयल ने यह भी घोषणा की कि स्वच्छता अभियान में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली शहरी स्थानीय निकाय इकाइयों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इससे अधिकारियों, कर्मियों और नागरिकों को प्रोत्साहन मिलेगा और बेहतर प्रतिस्पर्धा का वातावरण बनेगा।

डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और शौचालय निर्माण पर फोकस

उन्होंने बताया कि बीते साढ़े 10 वर्षों में प्रदेश में लाखों शौचालयों का निर्माण किया गया है और अब शहरी क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को मजबूती दी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घरों में ही कूड़े को गीला और सूखा अलग-अलग करें, ताकि उसका उचित निष्पादन हो सके।

इस अवसर पर सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट भी वितरित की गई और स्वच्छता संबंधी संदेश को फैलाने के लिए फ्लैक्स पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव विकास गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल, नगर निगम आयुक्त अपराजिता, संयुक्त आयुक्त गौरव चौहान, नगर निगम के पार्षद, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक व नागरिक मौजूद रहे।

 

Related Posts