मोहाली : पंज आब फाइन आर्ट्स सोसायटी द्वारा गुरुद्वारा सिंह शहीदां, मोहाली में गुरु तेग बहादुर साहिब जी और चांदनी चौक के शहीदों को समर्पित तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहीदी के 350वें वर्ष को समर्पित है और श्रद्धा, इतिहास व कला का अद्भुत संगम प्रस्तुत करती है।
इस विशेष प्रदर्शनी में पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल कला का प्रदर्शन नहीं बल्कि नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली सिख इतिहास से जोड़ने का एक प्रेरणादायक प्रयास है। उन्होंने पंज आब फाइन आर्ट्स सोसायटी की सराहना करते हुए कहा कि गुरु साहिब के त्याग, बलिदान और मानवता के संदेश को कला के माध्यम से प्रस्तुत करना समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सोसायटी के संरक्षक हरविंदर सिंह खालसा के मार्गदर्शन में पंजाब शिक्षा विभाग के सरकारी स्कूलों के अध्यापकों द्वारा बनाई गई ये कलाकृतियां गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि अध्यापकों द्वारा शिक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक चेतना को बढ़ावा देना सराहनीय पहल है।
प्रदर्शनी की जानकारी देते हुए सरकारी हाई स्कूल लांडरा के अध्यापक गुरप्रीत सिंह नामधारी ने बताया कि इसमें गुरु तेग बहादुर साहिब जी के जीवन से जुड़े विभिन्न ऐतिहासिक प्रसंगों पर आधारित 28 क्रमवार चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। इन चित्रों में करतारपुर की जंग में शौर्य प्रदर्शन, चक नानकी की स्थापना, “गुरु लाधो रे” की गाथा और चांदनी चौक में शहादत जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों को जीवंत रूप में दर्शाया गया है।
वहीं प्रोफेसर गुरबख्शीश सिंह अंटाल ने बताया कि इस प्रदर्शनी में पंजाब के 28 प्रसिद्ध चित्रकारों ने भाग लिया है, जिन्होंने अपनी भावनाओं और श्रद्धा को कैनवास पर उतारकर गुरु साहिब को नमन किया है। प्रदर्शनी में श्रद्धालुओं और कला प्रेमियों की भारी संख्या में उपस्थिति देखने को मिली।
Check latest article from this author !