चंडीगढ़, 28 मई: जैसे-जैसे तापमान अपने चरम पर पहुंच रहा है, हरियाणा के प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव (लू) से बचाव के लिए आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने कहा कि गर्मियों में बढ़ता तापमान और गर्म हवाएं विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और धूप में काम करने वालों के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। ऐसे में लापरवाही नहीं, बल्कि सतर्कता ही सबसे बेहतर बचाव है।

सरकार की एडवाइजरी: हीट वेव से बचाव जरूरी, इलाज बाद की बात है

उपायुक्त गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें आम जनता से हीट वेव से बचाव के लिए कुछ सरल परंतु प्रभावी उपाय अपनाने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि यह सलाह सभी नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए है और इसका पालन करना बेहद जरूरी है।

हीट वेव से बचने के लिए जरूरी सावधानियां:

  1. हवा, टीवी और समाचार पत्रों से मौसम की जानकारी लेते रहें।

  2. हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें।

  3. सिर को ढककर रखें – टोपी, छतरी या कपड़ा जरूर इस्तेमाल करें।

  4. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, भले ही प्यास न लगे।

  5. घरेलू पेय जैसे नींबू पानी, छाछ, लस्सी, तोरानी और ओआरएस का सेवन करें।

  6. दोपहर 12 से 3 बजे तक सीधी धूप में बाहर न निकलें।

  7. जंक फूड छोड़ें और घर का बना ताजा खाना, सलाद, फल व हरी सब्जी खाएं।

  8. बच्चों को कभी भी बंद वाहनों में न छोड़ें।

  9. नंगे पांव बाहर न निकलें, खासकर गर्म सतह पर नहीं।

  10. धूप में काम कर रहे लोगों को बीच-बीच में आराम और छांव में रुकना चाहिए।

खास देखभाल की जरूरत किन्हें है?

  • बच्चे: चक्कर, सिरदर्द, उल्टी, घबराहट या सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

  • बुजुर्ग और बीमार व्यक्ति:

    • दिन में दो बार उनकी स्थिति जांचें।

    • उन्हें ठंडक पहुंचाएं – गीला तौलिया, ठंडा पानी, नहलाना आदि।

    • उनके पास मोबाइल फोन व पानी की बोतल हमेशा उपलब्ध रहे।

  • अकेले रहने वाले: उनकी नियमित देखभाल और संपर्क में बने रहें।

पालतू जानवरों की भी करें पूरी देखभाल:

  • उन्हें छायादार और ठंडी जगह में रखें।

  • हमेशा उनके लिए दो पानी के बर्तन रखें ताकि कभी पानी की कमी न हो।

  • गर्म सड़क या रेत पर टहलाने से बचें, खासकर दिन के समय।

  • सुबह या शाम के ठंडे समय में सैर पर ले जाएं

  • किसी भी हालत में वाहन में अकेला न छोड़ें।

Related Posts