हरियाणा सरकार ने ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में 9 नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने और एक मौजूदा केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में अपग्रेड करने की मंजूरी दी है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि नए स्वास्थ्य केंद्रों में सबसे ज्यादा 7 केंद्र नूंह जिले में खोले जाएंगे। ये केंद्र रानिका, देवला नंगली, महूं, गौधोला, लफुरी, बड़ेड और चीला गांव में बनेंगे। इसके अलावा रेवाड़ी के भांडोर और सिरसा के मोचीवाली गांव में भी एक-एक उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू किया जाएगा।
वहीं, गुरुग्राम जिले के रणसीका गांव में पहले से चल रहे उप स्वास्थ्य केंद्र को अब PHC का दर्जा मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों को डॉक्टर, जरूरी जांच और प्राथमिक आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं अधिक आसानी से मिल सकेंगी।
आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर इलाज पहुंचाना है। नए केंद्रों से मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं गांवों के करीब उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीणों को छोटी स्वास्थ्य जरूरतों के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।


