हैपनिंग हरियाणा 2.0’ के तहत मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में निवेशकों और उद्योगपतियों ने हरियाणा को उद्योग और निवेश के लिए बेहतर राज्य बताया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निवेशकों के साथ राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस कर राज्य में कारोबार और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।

बैठक में निवेशकों ने हरियाणा की उद्योग हितैषी नीतियों, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, प्लग एंड प्ले मॉडल और निवेश प्रोत्साहनों की सराहना की। उनका कहना था कि आसान सरकारी प्रक्रियाएं और बेहतर औद्योगिक सुविधाएं हरियाणा को निवेश के लिए आकर्षक बनाती हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और नए निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि उद्योगों से जुड़े सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि डिफेंस सेक्टर के लिए जल्द नई नीति लाई जाएगी। इससे रक्षा क्षेत्र में निवेश, नई तकनीक और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सरकार ने मुंबई के उद्योग जगत को हरियाणा की औद्योगिक सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं से भी अवगत कराया। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में बड़े निवेश को आकर्षित करना है।

Related Posts