चंडीगढ़, 13 अप्रैल: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बेअदबी कानून को और सख्त बनाने वाले संशोधन का स्वागत करते हुए सरकार से मांग की है कि बेअदबी के दोषियों को सजा देने के लिए स्पष्ट समयसीमा तय की जाए। वड़िंग ने कहा कि पंजाब विधानसभा द्वारा बेअदबी कानून में संशोधन पारित होना तय था और इसमें कोई संदेह नहीं था। उन्होंने कहा, “भला कौन नहीं चाहेगा कि बेअदबी के दोषियों को कड़ी सजा मिले?”

हालांकि उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार की नीयत साफ नहीं है तो बार-बार कानून बनाना और संशोधन करना किसी काम का नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में आम आदमी पार्टी सरकार की नीयत पर भी सवाल खड़े होते हैं। वड़िंग ने याद दिलाया कि 2022 विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने पर बेअदबी के दोषियों को जल्द सजा दिलाने का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति वहीं की वहीं है। उन्होंने कहा कि मौजूदा कानूनों के तहत भी सरकार दोषियों को सजा दिला सकती थी, कमी सिर्फ इच्छाशक्ति की रही।

उन्होंने पूछा कि अब जब सरकार ने और सख्त कानून बना लिया है—जो राज्यपाल की मंजूरी के अधीन है—तो क्या वह यह बताएगी कि दोषियों को कब तक सजा दिलाई जाएगी? वड़िंग ने मांग की, “सरकार एक डेडलाइन तय करे, तभी लोगों को उसकी नीयत पर विश्वास होगा। वरना यह सिर्फ एक और राजनीतिक नाटक साबित होगा।”

Related Posts