मोहाली 16 अप्रैल: गांव समगौली में एकीकृत ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना का स्थल निरीक्षण नगर निगम मोहाली के आयुक्त श्री संदीप सिंह गाढ़ा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ संयुक्त आयुक्त जसजीत सिंह एवं मुख्य अभियंता नरेश बत्ता भी मौजूद रहे। इसके अलावा कुराली, बनूड़, डेराबस्सी और लालड़ू नगर परिषदों के कार्यकारी अधिकारी तथा पी एम आई डी सी (पंजाब म्यूनिसिपल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी) से श्री परेश जिंदल भी उपस्थित थे।

यह परियोजना जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) की सभी शहरी स्थानीय निकायों (नगर निगम एवं नगर परिषदों) के लिए क्लस्टर आधारित, वैज्ञानिक कचरा प्रसंस्करण एवं निपटान सुविधा के रूप में समगौली में 39 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य एकीकृत प्रणाली के माध्यम से कचरे का संग्रह, पृथक्करण, प्रसंस्करण, ऊर्जा उत्पादन, कम्पोस्ट निर्माण तथा सुरक्षित निपटान सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान स्थल का जायजा लिया गया तथा विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों को सौंपे गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। परियोजना में सेकेंडरी कलेक्शन एवं परिवहन प्रणाली, प्री-प्रोसेसिंग यूनिट, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) यूनिट, विंडरो कम्पोस्टिंग, सैनिटरी लैंडफिल तथा ‘लीचेट ट्रीटमेंट’ प्लांट शामिल होंगे।

यह परियोजना मोहाली क्लस्टर में उत्पन्न ठोस कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को सुनिश्चित करेगी, रीसाइक्लेबल सामग्री एवं ऊर्जा की प्राप्ति बढ़ाएगी तथा अनियंत्रित डंपिंग को कम करेगी। साथ ही यह ठोस कचरा प्रबंधन नियमों (SWM Rules) एवं स्वच्छ भारत मिशन–अर्बन (SBM-U 2.0) के प्रावधानों के अनुपालन को भी सुनिश्चित करेगी।

यह पहल दीर्घकालिक एवं टिकाऊ कचरा प्रबंधन समाधान प्रदान करेगी तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनस्वास्थ्य की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

Related Posts