उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार और गढ़वाल मंडल प्रशासन ने यात्रा मार्गों की समीक्षा के बाद मंगलवार (21 जुलाई 2026) से चारधाम यात्रा को फिर से सुचारू रूप से शुरू करने का फैसला किया है।

गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि यात्रा से जुड़े सभी जिलों के प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भूस्खलन व भारी बारिश की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन की टीमें हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि यात्रा के दौरान किसी स्थान पर भारी बारिश, भूस्खलन या किसी अन्य कारण से मार्ग अस्थायी रूप से बंद हो जाए, तो घबराने के बजाय प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों या होल्डिंग एरिया में ही रुकें। साथ ही पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करें।

उत्तराखंड सरकार ने कहा है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा का संचालन पूरी सावधानी के साथ किया जा रहा है। श्रद्धालुओं से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Related Posts