पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम पहुंचकर श्री श्री रविशंकर से मुलाकात की। इस दौरान तीनों नेताओं ने आध्यात्मिक माहौल में समय बिताया और ध्यान भी किया।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आश्रम की शांत और सकारात्मक वातावरण में ध्यान करने से उन्हें मानसिक शांति का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि व्यस्त जीवन में कुछ समय ध्यान और आत्मचिंतन के लिए निकालना जरूरी है। इससे मन को शांति मिलती है और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है।
सीएम मान ने बताया कि मुलाकात के दौरान पंजाब और पूरे देश की तरक्की, खुशहाली और शांति के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही समाज कल्याण, शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, आपसी भाईचारे और सामुदायिक सद्भाव जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
उन्होंने कहा कि समाज में शांति और भाईचारा मजबूत करने के लिए सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में बेहतर काम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इस मुलाकात को आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों पर चर्चा के अवसर के रूप में देखा गया।

