पंजाब सरकार ने राज्य के स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने के लिए दो नई पहल शुरू की हैं। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने Punjab Investor Circle और Startup Punjab Hub – Neuron 2.0 की शुरुआत की। इनका मकसद नए कारोबार शुरू करने वालों को निवेशकों, उद्योग जगत और विशेषज्ञों से जोड़ना है।

एसएएस नगर के इंस्टीट्यूट ऑफ नैनो साइंस एंड टेक्नोलॉजी में हुए कार्यक्रम में आईटी, हेल्थ, खेती, मैन्युफैक्चरिंग और नई तकनीक से जुड़े 14 स्टार्टअप्स ने अपने आइडिया निवेशकों के सामने रखे। इस दौरान निवेश और साझेदारी को लेकर भी बातचीत हुई।

अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार स्टार्टअप्स को हर संभव मदद दे रही है। सरकार पहले से ही सीड फंड, इन्क्यूबेशन और दूसरी सुविधाएं दे रही है। अब Punjab Investor Circle के जरिए स्टार्टअप्स को सीधे निवेशकों से जुड़ने का मौका मिलेगा।

उन्होंने बताया कि पंजाब में इस समय 2,500 से ज्यादा DPIIT मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स हैं। इनमें से 222 स्टार्टअप्स को 6.8 करोड़ रुपये से ज्यादा की सीड फंडिंग दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य के लगभग आधे स्टार्टअप्स में एक महिला निदेशक भी हैं, जो महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दिखाता है।

मंत्री ने Startup Punjab Hub – Neuron 2.0 भी लॉन्च किया। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 114 स्टार्टअप्स को मदद मिली, 67 पेटेंट और अन्य बौद्धिक संपदा के आवेदन किए गए, करीब 2,700 लोगों को रोजगार मिला और इन स्टार्टअप्स की कुल कीमत 890 करोड़ रुपये तक पहुंची। अब Neuron 2.0 के तहत साइबर सुरक्षा लैब और नई तकनीक की ट्रेनिंग की बेहतर सुविधाएं तैयार की जाएंगी।

इस मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव गुरकिरत किरपाल सिंह, पंजाब डेवलपमेंट कमीशन की उपाध्यक्ष सीमा बंसल, इन्वेस्ट पंजाब के सीईओ अमित ढाका, निदेशक जसप्रीत सिंह और कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts