पंजाब सरकार ने स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर ‘सेफ स्कूल व्हीकल पॉलिसी’ के तहत अभियान तेज कर दिया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार हर बच्चे को सुरक्षित स्कूल आने-जाने की सुविधा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दो महीनों अप्रैल और मई में पूरे पंजाब में 1,842 स्कूल बसों की जांच की गई। जांच के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर 526 बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर लापरवाही मिलने पर 3 बसों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि सेफ स्कूल व्हीकल पॉलिसी के तहत जिला प्रशासन नियमित रूप से स्कूल बसों की जांच कर रहा है। जुलाई में गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने के साथ ही सभी जिलों को जांच अभियान और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों को ले जाने वाली हर बस सुरक्षा मानकों पर खरी उतरे।
मंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सभी जिलों को पॉलिसी का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. बलजीत कौर ने स्कूल प्रबंधन, बस संचालकों और अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों के लिए केवल उन्हीं वाहनों का इस्तेमाल करें, जो सभी जरूरी सुरक्षा मानकों को पूरा करते हों। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को सुरक्षित स्कूल आने-जाने का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

