पंचकूला, 22 अप्रैल : नगर निगम पंचकूला के आयुक्त विनय कुमार के सख्त निर्देशों के तहत शहर की प्रमुख किसान सब्जी मंडी में विशेष स्वच्छता एवं प्लास्टिक विरोधी अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं प्रदूषण मुक्त बनाना तथा आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में पंचकूला की रैंकिंग को बेहतर करना है।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने उन दुकानदारों एवं व्यक्तियों को चिन्हित किया जो खुले में कचरा फेंक रहे थे, प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग कर रहे थे तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। मौके पर ही सख्ती बरतते हुए कुल ₹18,000 का जुर्माना वसूला गया।
डिस्पोजेबल सामग्री एवं प्लास्टिक कंटेनर का उपयोग करने पर लगा जुर्माना
निरीक्षण के दौरान एक होटल संचालक को डिस्पोजेबल सामग्री एवं प्लास्टिक कंटेनर का उपयोग करते हुए पाए जाने पर ₹10,000 का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त कई दुकानदार प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करते पाए गए, जिन पर अलग-अलग चालान किए गए और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई।
ग्रीन लाइट” लगाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई
अभियान के अंतर्गत “ग्रीन लाइट” लगाने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई। निगम टीम ने 4 ग्रीन लाइट जब्त कीं तथा 3 दुकानदारों के चालान किए। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की हरी लाइट से ग्राहकों को भ्रमित किया जाता है, जिससे बाजार में अनुचित प्रतिस्पर्धा एवं अव्यवस्था फैलती है, इसलिए इस पर पूर्ण प्रतिबंध है। इस सख्त कार्रवाई का असर तुरंत देखने को मिला। जहां पहले गंदगी थी, वहीं कार्रवाई के बाद दुकानदार स्वयं अपनी दुकानों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई करते नजर आए। इससे स्पष्ट है कि सख्ती के साथ-साथ जागरूकता भी सकारात्मक परिणाम दे रही है।


