चंडीगढ़, 25 मार्च: असम के गुवाहाटी में आयोजित पहली अंडर 23 बास्केटबॉल प्रतियोगिता में हरियाणा की पुरुष बास्केटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। फाइनल मुकाबले में पंजाब की टीम को 94-73 से हराकर हरियाणा ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

हरियाणा का शानदार प्रदर्शन

यह प्रतियोगिता 18 मार्च से 24 मार्च तक आयोजित की गई थी। हरियाणा की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल में कर्नाटक, क्वार्टर फाइनल में तमिलनाडु, प्री-कोर्टर फाइनल में बिहार और लीग मैचों में मेघालय, पश्चिमी बंगाल और चंडीगढ़ की टीमों को हराया।

कप्तान साहिल टाया की नेतृत्व में टीम ने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टीम के अन्य खिलाड़ियों, राजन, दीपेंद्र, अंकुश, राहुल, अजय और लक्ष्य ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

कोच और प्रबंधन की सराहना

टीम की जीत पर कोच विनय श्योराण ने खिलाड़ियों को बधाई दी और टीम के प्रयासों की सराहना की। कोच दीपक शर्मा और मैनेजर विशाल सिंह ने भी खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को मान्यता दी और उन्हें प्रेरित करते हुए कहा कि टीम की मेहनत ही उसकी सफलता का कारण बनी।

इसके अलावा, टीम के खिलाड़ियों ने हरियाणा स्टेट बास्केटबॉल एसोसिएशन के एडमिनिस्ट्रेटर और हिसार कमिश्नर ए श्रीनिवास का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी मदद से अच्छे खिलाड़ियों का चयन कर टीम को प्रतियोगिता में भेजा गया, जिसके कारण यह सफलता मिली।

 

Related Posts